Saturday, June 27, 2026

व्यू के लिए थप्पड़, खतरे में दिमाग... Slap Fighting पर रिसर्च ने बढ़ाई चिंता

*व्यू के लिए थप्पड़, खतरे में दिमाग... Slap Fighting पर रिसर्च ने बढ़ाई चिंता*

कुछ सेकंड के वायरल वीडियो, करोड़ों व्यूज और दर्शकों की तालियां. सोशल मीडिया पर पिछले कुछ वर्षों में एक ऐसा खेल तेजी से लोकप्रिय हुआ है, जिसमें जीत मुक्कों से नहीं बल्कि थप्पड़ सहने की क्षमता से तय होती है. इसे स्लैप फाइटिंग (Slap Fighting) कहा जाता है.
इस खेल में दो खिलाड़ी एक मेज के दोनों ओर आमने-सामने खड़े होते हैं. सिक्का उछालकर तय किया जाता है कि पहला वार कौन करेगा. इसके बाद दोनों खिलाड़ी बारी-बारी से एक-दूसरे के चेहरे पर पूरी ताकत से खुली हथेली का थप्पड़ मारते हैं. सबसे विवादित नियम यह है कि थप्पड़ खाने वाला खिलाड़ी अपना बचाव नहीं कर सकता. वह न सिर हिला सकता है, न पीछे हट सकता है और न ही हाथ से चेहरे को ढक सकता है. उसे तय स्थिति में खड़े रहकर पूरा वार झेलना होता है. यदि कोई खिलाड़ी नॉकआउट नहीं होता तो मुकाबले का फैसला जजों के अंकों के आधार पर किया जाता है.
यह खेल लंबे समय तक अंडरग्राउंड प्रतियोगिताओं तक सीमित था, लेकिन 2023 में UFC के अध्यक्ष डाना व्हाइट ने Power Slap लीग शुरू की तो इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ गई. टीवी प्रसारण और सोशल मीडिया ने इसे दुनिया भर में पहुंचा दिया. हालांकि शुरुआत से ही न्यूरोलॉजिस्ट और खेल चिकित्सा विशेषज्ञ इसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, क्योंकि इसमें सिर पर बिना किसी बचाव के सीधे और पूरी ताकत से प्रहार किए जाते हैं.
एक थप्पड़ जिसने ले ली जान
स्लैप फाइटिंग के खतरों की सबसे चर्चित घटना अक्टूबर 2021 में पोलैंड में हुई. PunchDown प्रतियोगिता के दौरान 46 वर्षीय खिलाड़ी आर्टुर वाल्चक को उनके प्रतिद्वंद्वी ने इतना जोरदार थप्पड़ मारा कि वह मंच पर ही बेहोश होकर गिर पड़े. जांच में पता चला कि उनके मस्तिष्क में गंभीर रक्तस्राव (ब्रेन हेमरेज) हुआ था. उन्हें अस्पताल में कोमा में रखा गया, लेकिन लगभग एक महीने बाद मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनकी मौत हो गई. इस घटना ने दुनिया भर में स्लैप फाइटिंग की सुरक्षा पर बहस छेड़ दी और संबंधित पोलिश लीग को बंद करना पड़ा.
रिसर्च में क्या मिला?
सितंबर 2024 में प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल JAMA Surgery में प्रकाशित "Video Analysis of Concussion Among Slap Fighting Athletes" शीर्षक के अध्ययन ने पहली बार इस खेल से जुड़े दिमागी चोट के खतरे को वैज्ञानिक रूप से मापने की कोशिश की. यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग स्कूल ऑफ मेडिसिन के न्यूरोसर्जनों की टीम ने Power Slap के पहले सीजन और मुख्य इवेंट 2 से 5 तक के 78 मुकाबलों का विश्लेषण किया. इस दौरान 56 खिलाड़ियों पर पड़े 333 थप्पड़ों और 139 स्लैप सीक्वेंस का वीडियो अध्ययन किया गया. चार स्वतंत्र समीक्षकों ने हर वीडियो में कंकशन यानी दिमागी चोट के दिखाई देने वाले संकेतों का मूल्यांकन किया.
अध्ययन में पाया गया कि 56 में से 44 खिलाड़ियों, यानी लगभग 78.6 प्रतिशत, में कम से कम एक बार कंकशन का स्पष्ट संकेत दिखाई दिया. कुल 333 थप्पड़ों में से 97 मामलों में दिमागी चोट के लक्षण दर्ज किए गए, जबकि 139 स्लैप सीक्वेंस में से 72 में ऐसे संकेत मिले. शोधकर्ताओं ने 20 ऐसे मामले भी दर्ज किए, जिनमें खिलाड़ी पहले से कंकशन के लक्षण दिखाने के बावजूद दोबारा सिर पर प्रहार झेलते नजर आए. चिकित्सा विज्ञान में इसे सेकंड इम्पैक्ट (Second Impact) कहा जाता है और यह स्थिति मस्तिष्क के लिए बेहद खतरनाक मानी जाती है.
वीडियो विश्लेषण के दौरान सबसे अधिक दिखाई देने वाले लक्षणों में खिलाड़ियों का संतुलन बिगड़ जाना, थप्पड़ खाने के बाद देर से उठ पाना और चेहरे पर बिना किसी प्रतिक्रिया के खाली भाव आ जाना शामिल था. कुछ खिलाड़ियों को नॉकआउट होने के कारण कुछ समय के लिए होश भी खोना पड़ा. कई मामलों में शरीर में झटके आने, चेहरे पर चोट लगने, खून निकलने और याददाश्त प्रभावित होने जैसे संकेत भी दिखाई दिए.
डॉक्टरों ने क्या कहा?
शोधकर्ताओं का कहना है कि स्लैप फाइटिंग अन्य कॉम्बैट स्पोर्ट्स से अलग है, क्योंकि इसमें खिलाड़ी को बिना किसी बचाव के सिर पर सीधा और पूरी ताकत से वार झेलना पड़ता है. इससे ट्रॉमैटिक ब्रेन इंजरी (Traumatic Brain Injury) का खतरा काफी बढ़ जाता है और लंबे समय में गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं विकसित हो सकती हैं.
रिसर्च टीम का निष्कर्ष है कि इस खेल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की हर मुकाबले के बाद तुरंत मेडिकल जांच होनी चाहिए और लंबे समय तक उनकी न्यूरोलॉजिकल निगरानी भी जरूरी है. शोधकर्ताओं का मानना है कि स्लैप फाइटिंग पहले की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक खेल साबित हो सकता है और खिलाड़ियों को स्थायी मस्तिष्क क्षति से बचाने के लिए इसके सुरक्षा नियमों पर गंभीरता से पुनर्विचार किए जाने की जरूरत है.

No comments:

Post a Comment

व्यू के लिए थप्पड़, खतरे में दिमाग... Slap Fighting पर रिसर्च ने बढ़ाई चिंता

*व्यू के लिए थप्पड़, खतरे में दिमाग... Slap Fighting पर रिसर्च ने बढ़ाई चिंता* कुछ सेकंड के वायरल वीडियो, करोड़ों व्यूज और दर्शकों की तालिया...