Sunday, July 24, 2022

कहानी और संवाद से दिल छूती 'सास बहू अचार प्राइवेट लिमिटेड'

'जीती है हमने ये सांसे, मांगी नही हैं हवा से'
'सास बहू अचार प्राइवेट लिमिटेड' वेब सीरीज के एक गीत के बोल इस तरह के हैं और कुछ इस तरह ही एक महिला की साइकिल से स्कूटी तक पहुंचने के सफर वाली इसकी कहानी भी है.

'एस्पिरेन्ट्स' से ख्याति प्राप्त कर चुके निर्देशक अपूर्व सिंह कार्की ने ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर आई इस वेब सीरीज को कुछ इस तरह बुना है कि आप इसे लगातार देखते बिल्कुल भी बोर नही होंगे. कहानी में आपको कभी खुशी भरा कोई दृश्य दिखेगा तो अगले ही पल आप दुखी भी हो जाएंगे.

वेब सीरीज की सबसे खास बात यह है कि इसमें सिर्फ एक या दो कलाकारों को ही महत्व न देकर सभी को बराबर मौका मिला है. 

अपने कलाकारों के कैरियर को पंख लगाएगी ये वेब सीरीज

अमृता सुभाष के इर्द गिर्द पूरी वेब सीरीज की कहानी चलती रहती है. अमृता लगभग दो दशक से मनोरंजन जगत में हैं और गली ब्वॉय जैसी फिल्म में भी काम कर चुकी हैं लेकिन इस वेब सीरीज में उनका काम याद किया जाएगा. कई दृश्यों में वह दर्शकों को भावुक करने में कामयाब रही हैं.
अंजना सुखानी के कैरियर की कहानी भी कुछ कुछ अमृता से ही मेल खाती है पर यहां एक सौतेली मां के सकारात्मक किरदार में वह खूब जमी हैं. मनु बिष्ट के साथ उनकी कैमेस्ट्री जमी है, मनु को देख कर आपको दंगल जायरा वसीम की याद आते रहेगी. 
लोकप्रिय गायक चंदन दास की पत्नी और अभिनेता नमित दास की मां यामिनी दास ने अभिनय में देर से एंट्री मारी है पर उन्हें देख लगता है कि वो इसके लिए सालों से तैयार थी, दमदार दादी के किरदार में वह छा गई हैं.
टीवीएफ के महत्वपूर्ण सदस्य आनंदेश्वर द्विवेदी ने शुक्ला बन कर बड़ा प्रभावित किया है, उनके मुंह से छूटे संवाद वेब सीरीज की जान हैं.
तीन दशक से टेलीविजन पर छाए हुए अनूप सोनी तो बड़े ही सहज तरीके से अपना किरदार निभा गए हैं.

पटकथा में लीकेज

 सीरीज की पटकथा में ज्यादा चूक नही दिखती. कमरे के बाहर खड़े आनंदेश्वर द्विवेदी और अंदर बैठी अमृता सुभाष को खिड़की, दरवाजे की दूरी से बांट देने वाला दृश्य अच्छा है. 
दिल्ली जैसे शहर में किसी के घर में कोई रात के समय बेरोकटोक घुस जाए, यह पचता नही है.

स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म टीवीएफ अपनी कहानी के साथ साथ संवादों के लिए भी जाना जाता है.

'गरीबी में भी बच्चे पल जाते हैं पर बिना प्यार दुलार के नही पलते' जैसे संवाद दिल को छू लेते हैं और समाज का हर वर्ग इससे खुद को जोड़ने लगता है.
'हम सबको पता है सवेरा होने वाला है, बस इंतजार नही करना चाहते' संवाद जीवन से हारे हुए लोगों में जान भरने के लिए काफी है.
वेब सीरीज में एक संवाद बार-बार आता है जो किसी नए व्यापार को शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए एक सीख है 'बिजनेस ऐसे ही होता है, पहले साल लगाई, दुसरे साल जमाई, फिर कहीं जाके तीसरे साल कमाई'.

कॉस्ट्यूम का चयन बिल्कुल परफेक्ट है, एक मध्यमवर्गीय परिवार की तरह स्वेटर पहने कलाकार कहानी के साथ बिल्कुल जमते हैं.

छायांकन ऐसा की मुंह में पानी आ जाए

वेब सीरीज का छायांकन बड़ा ही लुभावना है, एक घर  को अलग-अलग एंगल से इस तरह दिखाया गया है कि आप उसमें रहने वालों को अपना पड़ोसी मानने लगेंगे.
दिल्ली की खूबसूरती को देख ऐसा लगता है मानो उसे कैमरे में कैद कर लिया गया है. तंग गलियां, डीटीसी बस, खाने के होटल, ये सब देख आपको दिलवालों की दिल्ली घूम आने को मन करेगा.
अचार बनते देख तो आपके मुंह में पानी ही आ जाएगा.

वेब सीरीज के गीत संगीत पर लिखा जाए तो इसके गीतों के बोल कमाल के हैं और आप शुरुआत में उसका उदाहरण पढ़ भी चुके हैं. संगीत इस तरह का है कि नारी शक्ति का प्रतिबिंब सा जान पड़ता है. 
 ट्रेन का हॉर्न, बाइक चलने की आवाज भी वेब सीरीज देखने के अनुभव को शानदार बनाते हैं.

बच्चों में नशे की लत, जरूरी बना दी गई कोचिंग जैसे विषय उठाती वेब सीरीज.

वेब सीरीज के जरिए बहुत से महत्वपूर्ण विषयों को भी उठाने की कोशिश करी गई है. घरेलू हिंसा के बीच दुनिया जीतती अकेली महिला पर इसकी कहानी केंद्रित तो है ही साथ में आप इसमें आजकल के बच्चों में नशे की आदत के साथ उनकी पढ़ाई में मोबाइल का प्रभाव देखते हैं. 

किसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अब कोचिंग कितनी जरूरी बना दी गई है, यह भी आप समझते जाते हैं. 
बस में सामान बेचने वालों के जीवन को इतनी नजदीक से शायद ही अब तक किसी फिल्म या वेब सीरीज में दिखाया गया हो. 

@himanshu28may
हिमांशु जोशी



No comments:

Post a Comment

आस्था के साथ जिम्मेदारी भी: बद्रीनाथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने क्या कहा?

*आस्था के साथ जिम्मेदारी भी: बद्रीनाथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने क्या कहा?* गर्मियों के मौसम में स्कूलों की छुट्टियों के साथ ही उत्तराखंड में चार...