*राज्य और अर्थव्यवस्था के दबाव में वेनेजुएला की पत्रकारिता*
Worlds of Journalism Study की किताब में मीडिया, जोखिम और लोकतंत्र का आकलन
'The Worlds of Journalism: Safety, Professional Autonomy, and Resilience among Journalists in Latin America' किताब 14 जनवरी 2026 को प्रकाशित हुई है. इसे अमेरिका के Knight Center for Journalism in the Americas, यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन ने University of Miami और Center for Global Change and Media के सहयोग से तैयार किया है. यह किताब लैटिन अमेरिका में पत्रकारों की सुरक्षा, पेशेवर स्वायत्तता और लचीलेपन पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन का हिस्सा है. किताब का एक पूरा अध्याय वेनेजुएला की मीडिया स्थिति पर केंद्रित है, जिसे मौजूदा राजनीतिक और लोकतांत्रिक हालात के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना गया है.
*राजनीतिक नियंत्रण और मीडिया संकट का दौर*
किताब के वेनेजुएला अध्याय के अनुसार, बीते दो दशकों में देश की मीडिया स्थिति गहरे राजनीतिक और सामाजिक तनाव को दर्शाती है. निकोलस मादुरो सरकार के दौर में आर्थिक ठहराव, राजनीतिक नियंत्रण और संचार क्षेत्र के संस्थागत संकट ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता को सीमित किया है. रिपोर्ट बताती है कि सेंसरशिप, उत्पीड़न और प्रेस स्वतंत्रता पर पाबंदियों ने सरकारी नैरेटिव के एकाधिकार को मजबूत किया है और असहमति की आवाज़ों को हाशिए पर धकेला है.
*मीडिया ढांचा, डिजिटल निर्भरता और काम की असुरक्षा*
अध्ययन के अनुसार, वेनेजुएला में 36 प्रतिशत पत्रकार डिजिटल मीडिया में काम करते हैं, जबकि 20 प्रतिशत अखबारों और 13 प्रतिशत रेडियो से जुड़े हैं. 16 प्रतिशत पत्रकारों के पास कोई स्थायी मीडिया संस्थान नहीं है. अधिकांश पत्रकार वेबसाइट, सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए खबरें प्रसारित करते हैं. रिपोर्ट बताती है कि मीडिया क्राइम्स लॉ, आर्थिक दबाव और संस्थानों के बंद होने से खोजी पत्रकारिता कमजोर हुई है और तात्कालिक कवरेज का दबाव बढ़ा है.
*खतरे, लैंगिक अंतर और लोकतंत्र पर असर*
किताब में दर्ज है कि पत्रकारों को सबसे आम खतरे अपमानजनक भाषा, सार्वजनिक बदनामी, निगरानी और डिजिटल हैकिंग के रूप में मिलते हैं. पुरुष पत्रकारों को गिरफ्तारी, कानूनी कार्रवाई और शारीरिक हमलों का सामना अधिक करना पड़ता है, जबकि महिला पत्रकारों के लिए यौन उत्पीड़न और कार्यस्थल पर बुलिंग बड़ा जोखिम है. हमले या धमकी के बाद पत्रकारों को सबसे अधिक समर्थन सहकर्मियों और मीडिया संगठनों से मिलता है, जबकि सरकारी समर्थन सबसे कम है. किताब का निष्कर्ष है कि जब तक राजनीतिक और आर्थिक ढांचे में बदलाव नहीं होता, तब तक वेनेजुएला में स्वतंत्र पत्रकारिता और लोकतांत्रिक सूचना व्यवस्था का भविष्य जोखिम में बना रहेगा.
No comments:
Post a Comment